Breaking

14 October 2022

हिमाचल-गुजरात में वोटिंग अलग, नतीजे साथ:हिमाचल में 12 नवंबर को पोलिंग, 8 दिसंबर को रिजल्ट; बीच के 26 दिन में गुजरात चुनाव संभव

 


हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सिंगल फेज में 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 8 दिसंबर को घोषित होंगे। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म हो रहा है।

इसी साल गुजरात में भी विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन आयोग ने वहां के लिए इलेक्शन शेड्यूल का ऐलान नहीं किया है। इधर, हिमाचल में 12 नवंबर को वोट डालने के बाद से नतीजे आने की तारीख 8 दिसंबर के बीच 26 दिन का समय है। माना जा रहा है कि गुजरात में विधानसभा चुनाव इस 26 दिन की अवधि में ही कराए जाएंगे।

इन चुनावों में नया क्या...

  • वोटर लिस्ट: मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि वोटर नामांकन तक यानी 25 अक्टूबर तक अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वा सकते हैं।
  • 80 प्लस बुजुर्ग: इस बार 80 साल से ज्यादा उम्र वाले बुजुर्गों और कोरोना पीड़ितों को घर से वोटिंग की सुविधा दी जाएगी। हिमाचल में 80 प्लस उम्र वाले 1.22 लाख बुजुर्ग हैं। इसके अलावा 1184 वोटरों की उम्र 100 साल से ज्यादा है।
  • फ्री स्कीम्स: चुनाव आयोग फ्री स्कीम्स की घोषणा पर भी नजर रखेगा। इस बार निगरानी ज्यादा मुस्तैद होगी। चुनाव में मुफ्त वादों का मामला सुप्रीम कोर्ट में है। आयोग ने कोर्ट में कहा था कि फ्री की परिभाषा तय नहीं होने की वजह से इस पर रोक लगाने में मुश्किलें आती हैं।
  • 8 जनवरी को खत्म हो रहा हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल
    हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी को खत्म हो रहा है। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं। इनमें 20 सीटें आरक्षित हैं। 17 सीटें अनुसूचित जाति (SC) के लिए और 3 सीटें अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए रिजर्व हैं। 2017 में भाजपा ने पूर्ण बहुमत से जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी। चुनाव में भाजपा 44, तो कांग्रेस को 21 सीटों पर जीत मिली थी। एक सीट पर CPI(M) और दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे।

    CM पद के दावेदार कौन-कौन?
    भाजपा से वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सबसे बड़े दावेदार हैं। अगर 2017 की तरह कोई बड़ा उलटफेर होता है तो केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी CM का चेहरा बन सकते हैं। कांग्रेस की ओर से मुकेश अग्निहोत्री, कौल सिंह ठाकुर, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, रामलाल ठाकुर, आशा कुमारी दावेदारों की सूची में शामिल है।

    2017 में जो चेहरा थे, अब नहीं
    सत्ता में रहते हुए कांग्रेस तत्कालीन CM वीरभद्र सिंह के नाम पर चुनावी मैदान में उतरी। पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। 2021 में वीरभद्र सिंह का निधन हो गया। इस बार कांग्रेस में दावेदार कई हैं, लेकिन किसी एक नाम पर सहमति नहीं। बात भाजपा की करें तो पार्टी 2017 के चुनाव में पूर्व CM प्रेम कुमार धूमल के नाम पर चुनाव मैदान में उतरी थी।

    भाजपा हाईकमान ने धूमल को हमीरपुर के बजाय सुजानपुर से टिकट दिया और वहां से धूमल चुनाव हार गए थे। इसके बाद भाजपा हाईकमान ने जयराम ठाकुर को CM बनाया।

    4 मुद्दे सबसे अहम, एंटी इनकंबैंसी का भी असर
    हिमाचल में इस बार 4 मुद्दे चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। इनमें कर्मचारियों की समस्या, महंगाई, बेरोजगारी और पुलिस पेपर लीक मामला शामिल है। इसके अलावा सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबैंसी का भी असर हो सकता है। पिछले साल 3 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा को सभी सीटों पर हार मिली थी।

    मोदी ने मोर्चा संभाला, प्रियंका की भी रैली
    हिमाचल में दोबारा सरकार बनाने के लिए भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रधानमंत्री पिछले 17 दिनों में अब तक 4 रैलियां कर चुके हैं। इधर, मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को शिमला के सोलन में रैली भी की। आगे भी वे रैलियां करेंगी।

No comments:

Post a Comment

Pages