Breaking

11 October 2022

परमाणु हमले से बचाएगी आयोडीन की छोटी गोली:अमेरिका ने 2,388 करोड़ में खरीदी, बाइडेन बोले- दुनिया आखिरी जंग के करीब

 2 अक्टूबर 2022 को अमेरिकी सरकार ने 2,389 करोड़ रुपए की आयोडीन दवा खरीदने का ऐलान किया। अमेरिका के इतिहास में पहली बार एक साथ इतनी ज्यादा आयोडीन गोली की खरीदारी हुई है।

बाइडेन सरकार ने गोली खरीदने की सफाई में कहा है कि केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर हमले से बचने के लिए ये दवाइयां खरीदी गई हैं।

सिर्फ अमेरिका ही नहीं, यूरोप में भी बढ़ी एंटी रेडिएशन दवा की मांग
सिर्फ अमेरिका ही नहीं, यूरोप में भी तेजी से परमाणु दवाओं की बिक्री बढ़ी है। रूस और यूक्रेन से सटे देश पोलैंड की राजधानी वॉरसॉ में इस तरह की दवाइयों के वितरण के लिए 600 से ज्यादा डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर बनाए गए हैं।

  • पोलैंड के सभी 16 प्रोविंस में इस तरह के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर बनाए गए हैं। मालोपोल्स्का प्रांत में 34 लाख आबादी के लिए सरकार ने 55 लाख आयोडीन की गोलियां भेजी हैं। पोमेरानिया में 23 लाख आबादी के लिए 40 लाख गोलियों का स्टॉक रखा गया है।
  • कमोबेश यही हाल ब्रिटेन का भी है। ऑक्सफोर्ड हेल्थ कंपनी ने बताया है कि यहां पोटैशियम आयोडाइड 150mg दवा की बिक्री काफी तेजी से बढ़ी है। दवा से जुड़ी जानकारी के लिए अक्टूबर की शुरुआत में कंपनी की वेबसाइट पर अचानक से पेज व्यूज में 15,000% की बढ़ोतरी हुई है।
  • यूरोपियन यूनियन ने भी प्रेस रिलीज कर यूक्रेन को 55 लाख पोटैशियम आयोडाइड की गोली भेजने की बात कही है।
  • रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद फिनलैंड में मार्च 2022 में एक सप्ताह में 90 हजार से ज्यादा पैकेट पोटैशियम आयोडाइड की दवा बिक रही थीं। पुतिन और बाइडेन के बयान के बाद एक बार फिर से यहां आयोडीन दवा की बिक्री में वृद्धि हुई है।

अचानक अमेरिका और यूरोप को इतनी बड़ी संख्या में एंटी रेडिएशन दवा की जरूरत क्यों पड़ गई?

इसे समझने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 24 सितंबर 2022 के बयान की 4 बातों को जानना होगा…

1. पुतिन ने कहा, ‘हम निश्चित रूप से रूस और अपने लोगों की रक्षा के लिए अपने सभी खतरनाक हथियारों का इस्तेमाल करेंगे।’

2. उन्होंने कहा कि हमारे पास दुनियाभर में तबाही मचाने वाले सबसे खतरनाक हथियार हैं।

3. रूसी राष्ट्रपति ने इसे सेकेंड वर्ल्ड वॉर के बाद रूस की सबसे बड़ी सैन्य लामबंदी बताया है। मकसद- यूक्रेन से हर हाल में जंग जीतना और पश्चिमी देशों को जवाब देना है।

4. पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देश किसी झांसे में नहीं रहे, यह कोई गीदड़ भभकी नहीं है।

पुतिन के बयान के 13 दिन बाद जो बाइडेन ने किया जबरदस्त पलटवार
व्लादिमीर पुतिन के बयान के 13 दिन बाद 7 अक्टूबर 2022 को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जबरदस्त पलटवार किया। उन्होंने कहा, ‘दुनिया आखिरी जंग के करीब पहुंच गई है।’ उनके इस बयान के बाद ही परमाणु जंग को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

जो बाइडेन के बयान से ठीक 5 दिन पहले अमेरिकी सरकार ने आयोडीन गोली की खरीदारी करने का ऐलान किया है। अमेरिकी सरकार इस दवा की खरीदारी बायोशिल्ड एक्ट के तहत कर रही है। दरअसल, 2004 में अमेरिकी संसद ने ये कानून बनाया था। इसके तहत रसायनिक और परमाणु हमले से बचने के लिए अगले 10 साल में दवाओं पर 41 हजार करोड़ रुपए खर्च करने का प्लान तैयार किया गया था।

No comments:

Post a Comment

Pages