Breaking

30 June 2023

कमलनाथ का चैप्टर चुनाव में बंद कर देना-नड्डा


खरगोन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने शुक्रवार को खरगोन में रोड शो किया। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कारगिल का चैप्टर कमलनाथ सरकार ने बच्चों के सिलेबस से निकाल दिया था... इस तरह का काम कमलनाथ ने अपने कार्यकाल में किया था। ये हमारी सेना का अपमान है और अब नवंबर में आपको कमलनाथ का ही चैप्टर गायब कर देना है। नड्‌डा भाजपा की केंद्र सरकार के 9 साल पूरा होने पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने रोड शो किया।

कांग्रेस ने विकास की गंगा रोकी

नड्‌डा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार प्रदेश में आई तो उसने विकास की गंगा रोक दी। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने संस्कृति और रीति नीति को बदल डाला। देश और प्रदेश की भाजपा सरकारें जिम्मेदार हैं। दोनो प्रो-एक्टिव सरकार हैं। इससे
पहले सीएम शिवराज ने खरगोन में मेडिकल कॉलेज खोले जाने और नवग्रह कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया। कॉरिडोर के लिए 21 करोड़ की राशि भी मंजूर की। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ की बहन प्रमिला साधौ भाजपा में शामिल हुई।

करप्शन पर घेरा कमलनाथ को

नड्‌डा ने कमलनाथ सरकार में हुए भष्ट्राचार को लेकर उन्हें घेरा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने कारगिल का चैप्टर प्रदेश के किताबों से निकाल दिया था। ये आर्मी का अपमान है। ये लोग (कांग्रेस) मोदीजी से एयर स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं। नड्‌डा ने सपा, टीएमसी, आरजेडी समेत देश की तमाम पार्टियों का नाम लेकर कहा कि उनकी पार्टी में सिर्फ नेताओं के बच्चे ही आगे आ सकते हैं। पार्टी भी परिवार की पार्टी है। बाकि सब पैरोल पर हैं। एक तरफ कमलनाथ आपका मकान छीनता है दूसरी तरफ शिवराज आपको डबल देता है। लाड़ली लक्ष्मी योजना का पैसा खाते में मिलता है कि नहीं? कमलनाथ सरकार ने योजना बंद कर दी थी। अब भावांतर में सबसे ज्यादा रेट मिल रहा है।


शिवराज बोले-सिरवेल महादेव मंदिर का भी कायाकल्प होगा


सीएम शिवराज ने कहा- मैं पिछले दिनों खरगोन में आया था। तब जनता ने कुछ मांगें रखी थी कि यहां मेडिकल कॉलेज खुलना चाहिए। कांग्रेस ने खरगोन के साथ अन्याय किया। आपने कहा था नवग्रह कॉरिडोर बनना चाहिए। आज मुझे खुशी हो रही है कि उसके लिए 21 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी गई है। सिरवेल महादेव मंदिर का भी एक कायाकल्प किया जाएगा।


कपास पे मंडी टैक्स भी वापस करके आया हूं। भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वो करती है। प्रधानमंत्री के शासन के अद्भुत 9 साल पूरे हुए हैं। हमने खरगोन को मेडिकल कॉलेज दिया। भाजपा जो करती है वह करती है। खरगोन को सड़कों का जाल दिया। कांग्रेस के समय अंधेरा ही था। कांग्रेस शासन में खरगोन से इंदौर जाने में कितने घंटे लगते थे अब कितने घंटे लगते हैं।

सीएम ने कहा-कांग्रेस बेटियों के शादी के पैसे खा गई


सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस बेटियों के पैसे खा गई। शादी करवाई लेकिन 51 हजार नहीं दिए। कमलनाथ बेटियों की डिलीवरी के लड्डू भी खा गए। कांग्रेस झूठ बोलती है। पिछली बार कहा था कि कर्जा माफ करेंगे कर्जा माफ हुआ क्या? कमलनाथ की झूठी कर्जा माफी की बात के कारण किसान पर ब्याज की गठरी चढ़ गई है। भाजपा ने किसान के ब्याज माफ करके उसकी गठरी उतारी है। भाजपा ने 56 करोड़ रुपए किसानों की ब्याज माफी का वादा पूरा किया है।


कांग्रेस ने गरीबों के साथ अन्याय किया। सीएम ने कहा कि 4 जुलाई को मुख्यमंत्री सीखो और कमाओ योजना का शुभारंभ किया जाएगा। उससे हमारे बच्चे अलग अलग फैक्ट्री में काम सीखने जाएंगे उसके बदले बच्चों को 8 हजार रुपए दिए जाएंगे। ताकि वे काम भी सीखें और कमाए भी।

भाजपा में शामिल हुई कांग्रेस विधायक की बहन

कांग्रेस विधायक विजयालक्ष्मी साधौ की बहन प्रमिला साधौ भाजपा में शामिल हो गई। उन्होंने कहा कि मेरा भाजपा में शामिल होने का निर्णय बहुत दिनों से डिले हो रहा था। पिताजी (सीताराम साधो) का बहुत बड़ा नाम है लेकिन उनको पीसीसी में आज तक श्रद्धांजलि भी नहीं दी गई। मैं चूंकि मेरे पिताजी के सिद्धांतों पर चलती हूं। कई बार परिस्थितियां सही दिशा में निर्णय लेने के लिए मजबूर कर देती हैं। बहुत दिन से मेरी सोच थी, निर्णय ले नहीं पा रही थी अब मुझे लगी कि यह सही समय है और मैंने निर्णय ले लिया। प्रमिला साधौ कांग्रेस के पूर्व विधायक सीताराम साधो के बेटी हैं। सीताराम साधो 1952 से 1982 तक महेश्वर विधानसभा के विधायक रहे हैं। प्रमिला की बड़ी बहन विजयालक्ष्मी साधौ कमलनाथ सरकार में मंत्री रही हैं। विजयालक्ष्मी 1985 से अभी तक महेश्वर सीट से विधायक हैं।



No comments:

Post a Comment

Pages