Breaking

22 July 2023

demo-image

प्रियंका गांधी के मंच पर दिखाई दिया परिवारवाद का उत्कृष्ट प्रमाण- विष्णुदत्त शर्मा

%E0%A4%B5%E0%A5%80%E0%A4%A1%E0%A5%80

  भोपाल। कल प्रियंका गांधी ग्वालियर आई थीं और मंच से कुछ बातों की गारंटी दे रही थीं। मैं प्रदेश की जनता को यह बता देना चाहता हूं कि कांग्रेस अगर कोई गारंटी दे सकती है, तो वह घोटालों की गारंटी है, परिवारवाद की गारंटी है। प्रियंका गांधी की सभा के मंच से भी यही दिखाई दिया। दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेता को बोलने का मौका नहीं मिला, क्योंकि वे गांधी परिवार को खुश करने की व्यवस्थाओं में जुटे हुए थे। कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ भाषण दे रहे थे और अपने पिता को भविष्य का मुख्यमंत्री बता रहे थे। परिवारवाद का यह नजारा कल ग्वालियर और मध्यप्रदेश की जनता ने देखा है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कही।  

बंटाढार युग और कमलनाथ का भ्रष्टाचार उजागर होता, इसलिए नहीं मिली लिस्ट

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कल प्रियंका जी मध्यप्रदेश सरकार पर घोटालों के आरोप लगाते हुए कोई लिस्ट ढूंढ रही थीं, लेकिन वह लिस्ट उन्हें नहीं मिली। मैं प्रियंका जी से कहना चाहता हूं कि आप परेशान न हों, वो लिस्ट आपको कभी नहीं मिलेगी। अगर वो लिस्ट मिल जाती, तो 2003 के पहले के बंटाढार युग की यादें ताजा हो जातीं। इसीलिए दिग्विजयसिंह मंच पर आगे नहीं आए। अगर वो लिस्ट मिल जाती, तो यह स्पष्ट हो जाता कि किस तरह 15 महीनों की सरकार में कमलनाथ ने दिग्विजयसिंह के इशारे पर वल्लभ भवन को दलाली का अड्डा बना दिया था। अगर वो लिस्ट मिल जाती, तो यह पता चल जाता कि किस तरह भारतीय जनता पार्टी ने एक बीमारू राज्य को विकसित राज्य बनाया है और अब स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। 

राहुल-प्रियंका को नहीं सुनाती राजस्थान, बंगाल की बहनों की पुकार

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का शुरू से दोहरा चरित्र रहा है और वह मुद्दों या घटनाओं को अलग-अलग चश्मे से देखती आई है। कल प्रियंका
गांधी की सभा में राजस्थान से भी कई बहनें ग्वालियर पहुंची थीं। वो बहनें बता रही थीं कि किस तरह से राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। किस तरह एक दलित बहन को गैंगरेप करके उसके ऊपर एसिड डालकर कुएं में फेंक दिया जाता है। बंगाल की पंचायत प्रत्याशी बहन को तृणमूल कांग्रेस के गुंडे निर्वस्त्र करके गांव में परेड करने पर मजबूर कर देते हैं, लेकिन प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को इन राजस्थान और बंगाल की बहनों की पुकार सुनाई नहीं देती। जब बात इन प्रदेशों की बहन-बेटियों की हो, तो उन्हें न कुछ दिखाई देता है और न उनका मुंह खुलता है। यही कांग्रेस और उसके नेताओं का दोहरा चरित्र है।


No comments:

Post a Comment

Pages

undefined